May 14, 2026

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की

बैठक में लोक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न मोटर मार्गों एवं निर्माणाधीन सड़कों की विस्तृत समीक्षा की गयी। कैबिनेट मंत्री ने सड़क निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि आमजन, विशेषकर मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरेखा का कार्य करती हैं। इसलिए दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि मोटर मार्गों का शीघ्र सर्वेक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि लंबित सड़क परियोजनाओं को समय पर धरातल पर उतारा जा सके

बैठक में बताया गया कि स्टेज-2 के अंतर्गत स्वीकृत 16 कार्यों में से 8 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 6 कार्य प्रगति पर हैं तथा 2 कार्य अभी प्रारंभ नहीं हो सके हैं। वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में से 35 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, 4 कार्य प्रगति पर हैं तथा एक कार्य की अनुबंध प्रक्रिया संचालित है। मुआवजा वितरण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। इसके अतिरिक्त वन टाइम मेंटेनेंस के 19 कार्यों तथा आपदा एवं विशेष मरम्मत से संबंधित 29 कार्यों की भी समीक्षा की गयी।

 

कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन मोटर मार्गों एवं अन्य विकास कार्यों को वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण कर लिया जाए, जिससे आमजन को आवागमन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े

बैठक में पेयजल विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, जल संस्थान, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लघु सिंचाई, पशुपालन, बाल विकास, युवा कल्याण एवं समाज कल्याण विभागों की भी विस्तृत समीक्षा की गयी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में स्वीकृत 10 पदों के सापेक्ष 7 कार्मिक कार्यरत पाए गए, जबकि 3 पद रिक्त हैं। इस पर कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कहीं भी झूलती विद्युत लाइनें एवं क्षतिग्रस्त अथवा झुके हुए विद्युत पोल न रहें। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पर्यटन विभाग को सतपुली स्थित एंग्लिंग हट के कार्यों की जांच करने तथा सिंचाई विभाग को सतपुली निरीक्षण भवन का निर्माण कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह रावत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, जल निगम के मोहम्मद मिशम, आरटीओ विमल पांडे, डीएसटीओ राम सलोने, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद कुमार जोशी, विद्युत विभाग से अभिनव रावत, एएमए जिला पंचायत भावना रावत, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडेय, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।

About The Author