अल्मोड़ा: अल्मोड़ा निवासी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जर्मनी में आयोजित हायलो ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। लक्ष्य इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को दूसरी बार जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
लक्ष्य ने 27 अक्टूबर से 01 नवंबर तक जर्मनी के सारब्रूकेन में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को सीधे सेटों में हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस मनकोटी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि लक्ष्य ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जोनाथन क्रिस्टी को 21-17 और 21-10 से शिकस्त दी।
इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने फ्रांस के टोमे जूनियर पोपोव को 21-17 और 21-13 से हराया था। वहीं क्वार्टर फाइनल में फिनलैंड के काले कोल जोनेन को तीन सेटों के मुकाबले में 14-21, 21-17 और 21-13 से पराजित कर अंतिम चार में जगह बनाई थी।
इस साल की शुरुआत में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले लक्ष्य सेन पिछले कुछ समय से चोटों से जूझ रहे थे। हालांकि, उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अपनी लय हासिल की।
हाल ही में इंडिया ओपन में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के बाद उन्होंने जर्मनी में हायलो ओपन का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। लक्ष्य इससे पहले वर्ष 2019 में भी यह खिताब जीत चुके हैं। उस दौरान उन्होंने लगातार पांच अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट अपने नाम किए थे।
लक्ष्य सेन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता, राकेश जायसवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, नंदन रावत, अमरनाथ सिंह रजवार, विजय प्रताप सिंह, डीके जोशी, संजय नज्जौन, शेखर लखचौरा, संजय अग्रवाल और हेम तिवारी सहित बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने खुशी जताई और उन्हें बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की है।

More Stories
डीएम ने नगर क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, पार्किंग में अव्यवस्था एवं गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
लापता चल रहे पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार शव बरामद, मचा हड़कंप
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के कार्मिकों को दी बड़ी सौगात