March 22, 2026

अल्मोड़ा पहुंचे कृषि मंत्री गणेश जोशी, भगरतौला गांव में किसानों से किया संवाद, कई कार्यक्रमों में लिया हिस्सा

अल्मोड़ा। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कुमाऊं दौरे के दौरान मंगलवार को विकासखण्ड धौलादेवी के भगरतौला गांव पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान कृषि मंत्री जोशी ने चौपाल लगाकर कृषकों के साथ संवाद किया। ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने पॉलीहाउस का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया। ग्रामीणों ने कृषि मंत्री को बताया कि जिला योजना एवं उद्यान विभाग द्वारा स्थापित सौ से अधिक पॉलीहाउस में क्लस्टर आधारित कृषि की जा रही है, जिसमें आलू, शिमला मिर्च, गोभी, मैथी, धनिया, मिर्च आदि सब्जियों की खेती हो रही है।

 

 

 

मंत्री जोशी ने किसानों के इस प्रयास की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने सैम देवता समूह की लखपति दीदियों से भी वार्ता की और उनके स्व–रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को प्रशंसनीय बताया। जंगली जानवरों के आतंक की समस्या, फेसिंग भुगतान तथा पॉलीहाउस की पन्नी बदलने संबंधी मामलों पर कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

 

 

 

 

इस दौरान कृषि मंत्री जोशी ने नैनपड़ चाय बागान का भी अवलोकन किया। साथ ही नैनी व तरुला गांव पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

 

पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल स्व. बिपिन चंद्र जोशी को दी श्रद्धांजलि

अल्मोड़ा। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने दन्या बाजार पहुंचकर पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल स्व. बिपिन चंद्र जोशी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मंत्री जोशी ने जनरल जोशी के अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा को स्मरण करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन चंद्र जोशी ने भारतीय सेना को मजबूती प्रदान करने के साथ ही उत्तराखंड की वीर परंपरा को देशभर में गौरवान्वित किया। उनकी देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन का कार्य करेगी।

About The Author