March 10, 2026

कार्यालय पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, औचक निरीक्षण कर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश, कार्यालय की कार्यप्रणाली, ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया और प्रवर्तन गतिविधियों की समीक्षा, परिसर में साफ-सफाई व अवैध कब्जों पर सख्ती के निर्देश

हरिद्वार, 10 मार्च। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, आमजन को दी जा रही सुविधाओं तथा प्रवर्तन गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परिवहन कार्यालय में आने वाले नागरिकों के कार्यों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक प्रतीक्षा या असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कार्यालय की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और जनहितकारी होनी चाहिए। डीएम ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्राइविंग लाइसेंस निर्धारित नियमों और उचित ड्राइविंग परीक्षण के आधार पर ही जारी किए जाएं, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे। इस दौरान जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय परिसर के बाहर संचालित दुकानों और ढाबों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर के आसपास किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को बैठने की अनुमति न दी जाए और अनावश्यक भीड़भाड़ को समाप्त किया जाए। जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन अभियानों को और प्रभावी बनाया जाए तथा रात्रिकालीन चेकिंग अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएं। इस अवसर पर एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author