March 22, 2026

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में धमाका, वाहनों के उड़े परखच्चे; दस लोगों की मौत और 40 घायल

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम एक धमाका हो गया। यह धमाका मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुआ है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़े वाहनों तक के परखच्चे उड़ गए। साथ ही दस लोगों की मौत हो गई और करीब 40 लोग घायल भी हुए हैं। धामके की सूचना पर दमकल की कुल 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम भी मौके पर है। विस्फोट के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां की आंखों देखी-

 

धमाका इतना तेज था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘मैं गुरुद्वारे में था जब मैंने एक तेज आवाज सुनी। हम समझ ही नहीं पाए कि वह क्या थी, वह इतनी तेज थी। आस-पास खड़े कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।’

 

धमाके के बाद स्थानीय निवासी राजधर पांडे ने बताया, ‘मैंने अपने घर से आग की लपटें देखीं और फिर नीचे आकर देखा कि क्या हुआ है। ज़ोरदार धमाका हुआ। मैं पास में ही रहता हूं।’

 

बता दें कि लाल किला क्षेत्र दिल्ली के सबसे ज्यादा व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाके में शामिल है। दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों के शीशे और खिड़कियां टूट गईं

 

यह विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ, जिसके बाद आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों के शीशे और दरवाजे-खिड़कियां टूट गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। कार धमाके में कई लोग घायल हो गए।

 

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रकट किया शोक

 

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ लोगों की जान भी गई है, ये बेहद दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत इसकी जांच करनी चाहिए कि ये धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। दिल्ली की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

About The Author