हरिद्वार, 16 फरवरी। जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में एसएसपी ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके सर्किल और थानों से संबंधित विस्तृत जानकारी ली तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी आपसी सूचना तंत्र और समन्वय को मजबूत रखें। साइबर फ्रॉड के मामलों में तत्काल प्रभाव से अभियोग पंजीकृत कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक थाना प्रभारी जनता से मिलने का निर्धारित समय तय करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक भटकना न पड़े। यदि थाना प्रभारी किसी कारणवश बाहर हों, तो जिम्मेदारी सक्षम अधिकारी को सौंपते हुए वापसी पर स्वयं शिकायतों की समीक्षा करें।
बैठक में बढ़ते नशे के मामलों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि नशे में पकड़े गए आरोपियों तक सीमित न रहकर नशे की सप्लाई चेन के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई की जाए। इसे सभी थाना प्रभारियों की प्राथमिकता बताया गया।
प्रत्येक सर्किल में प्रातः और सायंकालीन चेकिंग अनिवार्य रूप से कराई जाएगी, जिसकी समीक्षा पुलिस अधीक्षक नगर एवं देहात स्वयं करेंगे। किसी भी घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

More Stories
बिगड़ती कानून व्यवस्था समेत इन मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस, सरकार पर बोला हमला
लोकभवन घेराव में उमड़ा जनसैलाब, प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने भरी हुंकार; 2027 की तैयारी का बड़ा संकेत
गैंगस्टर विक्रम शर्मा को बहुगुणा सरकार में मिली थी स्टोन क्रशर लगाने की अनुमति