अल्मोड़ा। मानूसन काल में चौड़ीकरण के कार्य के चलते कलेक्ट्रेट को जोड़ने वाली सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है। जगह जगह यह सड़क कीचड़ से पटी हुई है। जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है।
इन दिनों पांडे खोला से कलेक्ट्रेट तक सड़क चौड़ीकरण काम चल रहा है। कलेक्ट्रेट व विकास भवन का मुख्य मार्ग होने के चलते इस सड़क से हर रोज आला अधिकारियों के अलावा सैकड़ों वाहन गुजरते है। बारिश के मौसम में यहां सड़क कटिंग के कार्य से मुसीबत बढ़ गई है। बारिश के समय मिट्टी बह कर आने से सड़क कीचड़ से पट जा रही है।
विकास भवन से कलेक्ट्रेट तक तीखे ढलान पर कीचड़ में वाहन रपट रहे हैं। मार्ग में तीखे मोड़ और जबरदस्त ढलान है। कीचड़ जमा हो जाने से यहां वाहनों का आवागमन खतरनाक बना है। कीचड़ में फिसलने से कई दोपहिया चालक और सवार चोटिल भी हो चुके हैं।
पानी के साथ बह कर कीचड़ कलेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग तक जमा हो गई है। यहां वाहन पार्क करना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
नगर की आंतरिक सड़कों में भी जगह जगह गड्ढे बन जाने से दुर्घटना का भय बना है। माल रोड में भी कई स्थानों पर सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के समय पानी भर जाने से यह दिखाई नहीं दे रहे हैं। गड्ढों में फंस जाने से दोपहिया चालक और सवार चोटिल हो रहे हैं। लेकिन कोई सुधलेवा नहीं है। जिससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है।

More Stories
धामी कैबिनेट विस्तार: खजान दास को प्रतिनिधित्व देकर दलित वोट बैंक को साधा, कांग्रेस की रणनीति में लगाई सेंध
बारिश फिर ठंड ले आई; मैदान से पहाड़ तक जमकर बरसे मेघ, 11 डिग्री गिरा दून का तापमान
सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय देहरादून से नही होगा स्थानांतरित