ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में सोमवार से शुरू हो रहे बजट सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना है। विपक्ष ने जनहित के मुद्दों को धार देने की रणनीति बनाई है। वहीं, सरकार ने भी विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने की रणनीति बनाई।
रविवार को भराड़ीसैंण में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की अध्यक्षता में कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक हुई। जिसमें सदन में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दाें को उठाने के लिए विधायकों के साथ चर्चा की गई। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य के मुद्दों को सदन में उठाने की रणनीति बनाई है। विपक्ष के तेवरों से सदन की कार्यवाही हंगामेदार हो सकती है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार संख्या बल के आधार पर सदन की कार्यवाही संचालित करना चाहती है। विपक्ष की ओर से जनहित के मुद्दोंं को सदन में उठाया जाएगा। विपक्ष की मांग है कि सत्र की अवधि को बढ़ाया जाए। बैठक में उप नेता भुवन कापड़ी, ममता राकेश समेत अन्य विधायक मौजूद रहे।
विपक्ष के हर सवाल का जवाब देगी सरकार
गैरसैंण के भराडीसैंण स्थित विधानसभा भवन में सोमवार से शुरु हो रहे बजट सत्र के लिए भाजपा ने भी विपक्ष के हर सवाल का ठोस जवाब देने के लिए रणनीति तैयार की है। रविवार को भराड़ीसैंण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में भाजपा विधायकों को बताया गया कि राज्यपाल के अभिभाषण के बाद वह भी अलग-अलग मंत्रालयों के विषयों को रख सकते हैं। सत्र के दौरान सभी विधायक मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देगी। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। विपक्ष के सवालों का जवाब तथ्यों के साथ दिया जाएगा।

More Stories
उत्तराखंड विधानसभा सत्र: ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण होगा गुलजार; 13 साल में 11वीं बार पहाड़ चढ़ी सरकार
अच्छी खबर, अप्रैल के पहले हफ्ते में शुरू होगी केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग
दरबार साहिब में जयकारों के साथ हुआ श्री झंडे जी का आरोहण, भक्तों का उमड़ा सैलाब, गूंजे जयघोष