देहरादून: उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड की 10 वीं एवं 12 वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। संस्कृत शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल से वर्चुअल माध्यम से जुड़ कर बोर्ड परीक्षओं के परिणाम जारी किये। उन्होंने बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण एवं श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी।
परीक्षा वर्ष 2026 में कुल 1775 छात्र-छात्राओं ने संस्कृत बोर्ड की परीक्षा दी, जिसमें से इंटरमीडिएट में 88.48 प्रतिशत जबकि हाईस्कूल में 92 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुुये। मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि संस्कृत बोर्ड परीक्षा का परीक्षा परिणाम समय पर जारी कर दिया गया है। इसके लिये उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं बोर्ड परीक्षा के आयोजन से जुड़े कार्मिकों की जमकर तारीफ की।
इस वर्ष परिषदीय परीक्षा में कुल 1775 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुये, जिसमें से पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) में 950 जबकि उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) में 825 शामिल थे। इस वर्ष पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) का कुल परीक्षाफल 92 फीसदी रहा जबकि उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) का रिजल्ट 88.48 फीसदी रहा है।
इस अवसर पर सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, सचिव उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद पद्माकर मिश्र, संयुक्त निदेशक संस्कृत शिक्षा मंजू भारती, उप निदेशक संस्कृत शिक्षा वाजश्रवा आर्य तथा उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा जगदीश प्रसाद सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
संस्कृत बोर्ड परीक्षा में ये रहे अव्वल
उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद की 10 वीं बोर्ड परीक्षा की श्रेष्ठता सूची में परशुराम चतुर्वेद विद्यालय भगवान राम, परशुराम मंदिर प्रकाशनगर देहरादून के छात्र रूद्रांश उनियाल ने 88.2 फीसदी अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। जबकि 87.4 प्रतिशत अंक हासिल कर गुरूकुल संस्कृत उत्तरमध्यमा विद्यालय ज्वालापुर, हरिद्वार के छात्र प्रिंस पुण्डीर ने द्वितीय स्थान पर प्राप्त किया। वहीं परशुराम चतुर्वेद विद्यालय भगवान राम, परशुराम मंदिर प्रकाशनगर देहरादून के छात्र अनमोल तथा दुर्गादत्त कपिलाश्रमी संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय हल्द्वानी के छात्र प्रकाश चन्द्र पाठक ने 86-86 फीसदी अंक लाकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया
इसी प्रकार इंटरमीडिएट में जयदयाल अग्रवाल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय श्रीनगर के छात्र सक्षम प्रसाद ने 93.4 प्रतिशत अंक लाकर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। वहीं गुरूकुल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय ज्वालापुर हरिद्वार के छात्र अर्जुन कुमार ने 90.8 फीसदी अंक लाकर श्रेष्ठता सूची में दूसरे स्थान प्राप्त किया। जबकि तीसरे स्थान पर द्रोणस्थली आर्ष कन्य गुरूकुल विद्यालय देहरादून की छात्रा अदिति जांगिड़ ने 88.6 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया।

More Stories
संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
प्रधानमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर; डीएम ने रेखीय विभागों के अधिकारी संग की समीक्षा बैठक
कांग्रेसी दावे शिगूफा, वहां तो भीष्म पितामह ही कौरवों पर टूट पड़े हैं : चमोली