रामनगर: एक 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद जहां परिवार में मातम पसरा है, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
रामनगर के ग्राम शक्तिनगर पूछड़ी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक बुजुर्ग का शव घर से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान 60 वर्षीय अमीर हुसैन के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के छोटे भाई इकबाल ने बताया कि अमीर हुसैन का एक मकान फौजी कॉलोनी में निर्माणाधीन है। गुरुवार रात वह अपने उसी निर्माणाधीन मकान से घर के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचे। जब काफी समय तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन पूरी रात खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
शुक्रवार सुबह घर से कुछ दूरी पर अमीर हुसैन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आशंका जताई है कि घटना के पीछे कोई साजिश भी हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

More Stories
हरिद्वार भूमि खरीद प्रकरण में बड़ा एक्शन, 10 लोगों पर दर्ज होगा अभियोग
एमडीडीए की सख्ती : अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश नाकाम, विकासनगर तहसील अंतर्गत रेतीवाला क्षेत्र में दोबारा की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई
चारधाम यात्रा को मिलेगी नई मजबूती, रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह