May 27, 2026

राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा, अल्मोड़ा में जनसभा को करेंगे संबोधित, कांग्रेसियों में भारी उत्साह

अल्मोड़ा: लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आगामी 4 और 5 जून को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं, जिसे लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। अपने इस दौरे के दौरान राहुल गांधी अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसकी तैयारियों में पूरी कांग्रेस पार्टी जुट गई है।

बुधवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए स्थानीय विधायक मनोज तिवारी ने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके लिए जल्द ही स्थान का चयन कर लिया जाएगा।

तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर गुरुवार, 28 मई को नगर के एक होटल में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या विशेष रूप से शिरकत करेंगे। बैठक में पार्टी के जिलाध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों, मंडल व ब्लॉक अध्यक्षों के साथ ही अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यापक चर्चा की जाएगी और सभी को अहम जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

इस दौरान भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए विधायक तिवारी ने कहा कि आज देश और प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, लगातार पेपर लीक हो रहे हैं और युवा हताशा व निराशा के माहौल में जी रहे हैं। इसके साथ ही महंगाई आसमान छू रही है और अर्थव्यवस्था पर भारी संकट मंडरा रहा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल के बीच राहुल गांधी लगातार देश की जनता और युवाओं की आवाज बनकर संसद में गूंज रहे हैं और आज वह देश के नौजवानों के लिए एक बड़ी उम्मीद बन चुके हैं।

उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि राहुल गांधी का यह दो दिवसीय दौरा कार्यकर्ताओं और युवाओं में नया जोश भरने का काम करेगा, जो साल 2027 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन लाने और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने में बेहद अहम साबित होगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट और पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे आदि मौजूद रहे।

FacebookTwitterEmailWhatsApp

About The Author