May 27, 2026

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले गरमाई सियासत, CM धामी ने कसा तीखा तंज, कांग्रेस का जोरदार पलटवार

अल्मोड़ा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आगामी 4 और 5 जून को होने वाले उत्तराखंड दौरे से पहले ही प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। इस दौरे को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच तीखी जुबानी जंग शुरू हो चुकी है।

तय कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और इसी दिन पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में शिरकत करेंगे, जबकि 5 जून को वह देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों और विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर मंथन करेंगे।

अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखा तंज कसते हुए राहुल गांधी पर सेना के अपमान का गंभीर आरोप लगाया है। सीएम धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा भारतीय सेना का अपमान किया है और सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्नचिन्ह लगाने के साथ-साथ विदेशों में जाकर देश की हंसी उड़ाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड एक सैनिक बाहुल्य और राष्ट्रवादी प्रदेश है, जिसकी सीमाएं दो-दो अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर्स से मिलती हैं। यहां की जनता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ चलती है, इसलिए वह कांग्रेस के किसी भी बहकावे में नहीं आने वाली है।

मुख्यमंत्री के इस कड़े प्रहार पर कांग्रेस ने भी बेहद आक्रामक अंदाज में पलटवार किया है। कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी ने सीएम धामी के इस बयान को बेहद अशोभनीय करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की और आरोप लगाया कि बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व हमेशा राहुल गांधी की साफ-सुथरी छवि को धूमिल करने की साजिशों में जुटा रहता है।

तिवारी ने आगे कहा कि बीजेपी सरकार के पास देश और प्रदेश के विकास के लिए कोई ठोस नीति या विजन नहीं है और यह सरकार सिर्फ खोखले वादों और लोकलुभावन नारों के दम पर सत्ता पर काबिज है।

About The Author