अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हवालबाग कार्यक्रम को लेकर भाजपा-कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने विधायक मनोज तिवारी द्वारा कार्यक्रम को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन एवं राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया है।
प्रेस को जारी बयान में बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस अपनी जनसभा की काल्पनिक सफलता के भ्रम में भाजपा के जनसमर्थन को पचा नहीं पा रही है। सीएम का अल्मोड़ा आगमन किसी शक्ति प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि जनहित और विकास कार्यों को गति देने के लिए था। मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा एवं पूरे कुमाऊँ क्षेत्र के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य किया है और जनता का उनके प्रति स्वाभाविक स्नेह एवं विश्वास है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल और अपने नेताओं की कार्यशैली पर आत्ममंथन करना चाहिए। दशकों तक प्रदेश और देश में सत्ता में रहने वाली कांग्रेस आज जनता के बीच अपनी प्रासंगिकता खो चुकी है। जनता ने बार-बार लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस को नकारा है और विकास, सुशासन तथा राष्ट्रहित की राजनीति पर भरोसा जताया है।
बिष्ट ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, कर्मचारियों अथवा टैक्सी संचालकों पर दबाव बनाए जाने के कांग्रेस के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। कांग्रेस द्वारा ऐसे बयान देकर भ्रम फैलाने का प्रयास करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर बार भाजपा के कार्यक्रमों में उमड़ने वाले जनसमर्थन को देखकर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाने लगती है, जबकि वास्तविकता यह है कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में उत्तराखंड ने पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
भाजपा नगर अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल आरोप लगाने तक सीमित रह गई है, जबकि भाजपा विकास और जनसेवा के आधार पर जनता के बीच कार्य कर रही है। अल्मोड़ा की जनता समझदार है और वह जानती है कि कौन विकास की राजनीति कर रहा है और कौन केवल भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है और कांग्रेस की निराशा उसके बयानों में साफ दिखाई दे रही है।

More Stories
शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
Khan Sir FIR पुलिस की तारीफ की, सहयोग करेंग े भी बोला, फिर FIR के बाद कहां
सीएम धामी ने दिल्ली सीएम को किया फोन, केशव नेगी की गिरफ़्तारी को लेकर की बात