अल्मोड़ा: विधायक मनोज तिवारी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस की हाल में सिमकनी ग्राउंड में हुई जनसभा से भाजपा बौखलाई हुई है। जिसके चलते आनन-फानन में हवालबाग में शक्ति प्रदर्शन के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया तथा मुख्यमंत्री को भी बुलाया गया।
मीडिया को जारी बयान में विधायक तिवारी ने कहा कि भाजपा जनता के बीच अपनी पकड़ कमजोर पड़ने से चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर लोगों को कार्यक्रम में लाने का प्रयास किया गया है, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनसभा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश और विशेषकर अल्मोड़ा की जनता बदलाव चाहती है। भाजपा सरकार के लंबे कार्यकाल के बावजूद बेरोजगारी, महंगाई, पलायन और विकास से जुड़े मुद्दे जस के तस बने हुए हैं, जिससे लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
तिवारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में ताले लटकवाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों पर कार्यक्रम में शामिल होने का दबाव बनाया गया। भाजपा के कार्यक्रमों में सरकारी संसाधनों के उपयोग और प्रशासनिक तंत्र के सहारे भीड़ जुटाने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन तरीकों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और प्रदेश में वैकल्पिक राजनीति के रूप में मजबूत होकर उभर रही है। विधायक ने कहा कि जनता का बढ़ता समर्थन कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों पर किए जा रहे संघर्ष का परिणाम है।
तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि परिवहन विभाग के माध्यम से टैक्सी चालकों पर दबाव डालकर उनके वाहनों को शिविर स्थल तक भेजा गया। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ-साथ सरकारी तंत्र की निष्पक्षता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। जनता सब देख रही है और सत्ता के दुरुपयोग का जवाब उचित समय पर देगी।
विधायक ने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरा सरकारी तंत्र झोंक दिया, बावजूद इसके मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटा पाई। उन्होंने कहा कि यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जनता अब भाजपा की नीतियों और कार्यशैली से ऊब चुकी है।

More Stories
शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
Khan Sir FIR पुलिस की तारीफ की, सहयोग करेंग े भी बोला, फिर FIR के बाद कहां
सीएम धामी ने दिल्ली सीएम को किया फोन, केशव नेगी की गिरफ़्तारी को लेकर की बात