October 31, 2026

हरकी पैड़ी पर उतरा हजारों लोगों का हुजूम : संतों से लेकर अफसरों तक ने उठाई झाड़ू, मिश्री मठाधीपति महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव महाराज के अनुयाईयों ने की गंगा सफाई

हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार को हरकी पैड़ी पर आस्था के साथ स्वच्छता का भी अनूठा नजारा देखने को मिला। मां गंगा की सेवा के संकल्प के साथ मिश्री मठ की ओर से आयोजित स्वच्छता अभियान में हजारों लोग हाथों में सफाई के उपकरण लेकर मैदान में उतर पड़े। खास बात यह रही कि अभियान में केवल आम श्रद्धालु और संत ही नहीं, बल्कि मेला प्रशासन के अधिकारी भी झाड़ू उठाकर सफाई करते नजर आए।

 

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के नेतृत्व में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित मेला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्रमदान किया। मेलाधिकारी सोनिका खुद सफाई अभियान में जुटीं और मिश्री मठ के अनुयायियों के साथ मिलकर घाटों की सफाई की। अधिकारियों ने एकत्रित कूड़े को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और उसके सुरक्षित निस्तारण में भी सहयोग किया।

 

हरकी पैड़ी पर हजारों लोगों की एक साथ मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि गंगा की स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक का कर्तव्य है। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को आम लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते देख जनसहभागिता की भावना भी नजर आई।

 

इस अवसर पर मेलाधिकारी सोनिका ने नया उदासीन अखाड़ा के अध्यक्ष महंत धूनी दास महाराज और मिश्री मठ के मठाधिपति महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज से मुलाकात की। उन्होंने गंगा सेवा के इस अभियान में हजारों लोगों को जोड़ने के लिए संतों और मिश्री मठ के अनुयायियों का आभार जताया।

 

मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मां गंगा के घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कुंभ-2027 में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना जरूरी है।

 

कुल मिलाकर, हरकी पैड़ी पर चला यह अभियान कुंभ की तैयारियों के बीच एक संदेश दे गया कि कुंभ की भव्यता केवल निर्माण कार्यों से नहीं, बल्कि स्वच्छ गंगा और जागरूक जनभागीदारी से भी तय होगी।

About The Author