November 18, 2026

14.30 लाख रुपये का बकाया जमा नहीं करने पर तीन गांवों में 15 नाली से अधिक जमीन होगी नीलाम, 26 नवंबर को लगेगी बोली

अल्मोड़ा: जिले की तहसील जैंती में भू-राजस्व की बकाया धनराशि वसूलने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी की है। 14 लाख 30 हजार 198 रुपये की बकायेदारी जमा नहीं करने पर एक व्यक्ति की तीन गांवों में स्थित कुल 15 नाली से अधिक भूमि की नीलामी की जाएगी।

विक्रय अधिकारी एवं नायब तहसीलदार जैंती के अनुसार ग्राम बचकाण्डे निवासी प्रताप सिंह रौतेला पुत्र बची सिंह के नाम न्यायालय देय के रूप में 14,30,198 रुपये की भू-राजस्व बकाया धनराशि वसूली के लिए वसूली पत्र प्राप्त हुआ था। संबंधित बकायेदार की ओर से निर्धारित धनराशि जमा नहीं किए जाने पर उसके नाम दर्ज अचल संपत्ति की कुर्की और नीलामी की प्रक्रिया तय की गई है।

प्रशासन के मुताबिक आगामी 26 नवंबर को ग्राम बचकाण्डे में यह नीलामी होगी। इसके तहत राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र मोरनौला के अंतर्गत ग्राम बचकाण्डे, जाख बचकाण्डे और स्यूनानी में स्थित कुल 0.309 हेक्टेयर यानी करीब 15 नाली 7 मुठ्ठी भूमि नीलाम की जाएगी।

 

नीलामी में सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को बोली की कुल धनराशि का एक चौथाई हिस्सा मौके पर जमा करना होगा। शेष धनराशि नीलामी की स्वीकृति मिलने के बाद जमा करनी होगी।

About The Author