November 18, 2026

सरकारी आश्वासनों से तंग लोक कलाकारों ने दी आंदोलन की चेतावनी, 10 दिन का अल्टीमेटम

अल्मोड़ा: उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकगीतों और पारंपरिक कलाओं को बचाने और देश-दुनिया तक पहुंचाने में पूरी जिंदगी खपा देने वाले लोक कलाकार आज खुद आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। जिन कलाकारों ने पांच-छह दशक तक अपनी कला के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को जिंदा रखा, उन्हें बुढ़ापे में पेंशन तक नहीं मिल पा रही है। किसी के बिल वर्षों से अटके हैं तो किसी को अपने ही काम का भुगतान पाने के लिए विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

 

 

 

 

लोक कलाकार महासंघ ने बुधवार को प्रेस क्लब सभागार में प्रेसवार्ता कर सरकार और संस्कृति विभाग के रवैये पर नाराजगी जताई। महासंघ के अध्यक्ष सुंदर सिंह लटवाल ने कहा कि कलाकार लंबे समय से मानदेय बढ़ाने, यात्रा भत्ता देने, जीएसटी से छूट, लंबित बिलों का भुगतान, बीमा और पहचान पत्र जारी करने समेत दस सूत्रीय मांगें उठा रहे हैं।

 

 

 

 

उन्होंने कहा कि इस संबंध पूर्व में एक डेलीगेशन मुख्यमंत्री से भी मिला था। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभागीय सचिव की मौजूदगी में कलाकारों ने अपनी समस्याएं रखी थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर बार आश्वासन देकर कलाकारों को टाल दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली पर कलाकारों को उम्मीद थी कि लंबे समय से अटके बिलों का भुगतान हो जाएगा और दलनायक अपनी टीम के कलाकारों को मेहनताना दे सकेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कलाकारों को फिलहाल प्रतिदिन केवल 800 रुपये और दलनायक को 1000 रुपये मानदेय दिया जा रहा है। इतनी कम रकम में भी संस्कृति विभाग की ओर से 18 प्रतिशत जीएसटी लिया जा रहा है। महासंघ ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ही राज्य में संस्कृति विभाग और सूचना विभाग के नियम अलग-अलग हैं। संस्कृति विभाग में कलाकारों को 18 प्रतिशत जीएसटी देना पड़ता है, जबकि सूचना विभाग में ऐसी व्यवस्था नहीं है। महासंघ ने इस विसंगति को दूर कर कलाकारों को जीएसटी से छूट देने की मांग की।

 

 

लटवाल ने कहा कि लंबित बिलों के भुगतान की स्थिति जानने के लिए उन्होंने संस्कृति विभाग में आरटीआई लगाई थी। इसके जवाब में विभाग ने बताया कि वर्ष 2024-25 में 4.86 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसके बावजूद कई सांस्कृतिक दलों को पिछले चार वर्षों से भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विभाग करोड़ों रुपये के भुगतान की जानकारी दे रहा है तो उन दलों के बिल अब तक क्यों अटके हैं और आखिर यह रकम किन दलों को दी गई है।

 

 

 

पेंशन के लिए भटक रहे पांच दशक पुराने कलाकार

 

प्रेसवार्ता में वरिष्ठ लोक कलाकार कृष्ण मोहन नंदा ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि वह पांच दशक से अधिक समय से लोकसंस्कृति से जुड़े हैं। वर्ष 1965 में ही वह संस्कृति विभाग से जुड़ गए थे। बचपन से इस क्षेत्र में काम कर रहे नंदा की उम्र आज 72 वर्ष हो चुकी है, लेकिन उन्हें अब तक पेंशन नहीं मिल पाई है। उन्होंने बताया कि पेंशन के लिए तीन से चार बार आवेदन कर चुके हैं, लेकिन पिछले 12 वर्षों से उनका मामला अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

 

 

 

ऑडिशन में पक्षपात का आरोप

 

महासंघ के पदाधिकारियों ने संस्कृति विभाग की ओर से कराए जाने वाले ऑडिशन पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सांस्कृतिक दलों और एकल कलाकारों के चयन में पक्षपात किया जा रहा है। कई ऐसे लोगों का चयन किया गया है, जिन्हें लोकसंस्कृति की पर्याप्त जानकारी तक नहीं है जबकि आकाशवाणी और अन्य संस्थानों में पहले से पंजीकृत और वर्षों से काम कर रहे कलाकारों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। उन्होंने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और पुराने कलाकारों के अनुभव को महत्व देने की मांग की।

 

 

 

कलाकारों ने कहा कि वे लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के जरिए प्रदेश की संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए गीत, नुक्कड़ नाटक और अन्य कार्यक्रमों में भी भागीदारी निभाते हैं। बावजूद इसके उनके मानदेय, पेंशन और भुगतान की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कलाकारों के हित में जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया तो वे गांव-गांव जाकर सरकार के खिलाफ भी आवाज बुलंद करेंगे।

 

 

 

 

महासंघ के अध्यक्ष सुंदर सिंह लटवाल ने कहा कि यदि 10 दिन के भीतर मांगों पर कार्यवाही नहीं हुई तो अल्मोड़ा स्थित भातखंडे संगीत महाविद्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में आंदोलन शुरू किया जाएगा।

 

 

 

प्रेसवार्ता में वरिष्ठ लोक कलाकार कृष्ण मोहन नंदा, रमेश लाल, पूरन सिंह, शीला पंत, नीरज कुमार, अमित भट्ट, प्रकाश, विनोद सहित अन्य कलाकार मौजूद रहे।

About The Author