इंडिया भारत न्यूज डेस्क: उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी से कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। प्रकरण में स्थानीय भाजपा नेता पर मारपीट करने के आरोप लगे है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, बेरिया रोड पर लेवड़ा नदी पर निर्माणाधीन स्पान पुल का पानी ओवरफ्लो होकर इंद्रा कॉलोनी के घरों में घुसने से लोगों में आक्रोश था। एसडीएम ऋचा सिंह और तहसीलदार प्रताप चौहान सुबह मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए थे। स्थानीय लोगों का आरोप था कि समस्या की मुख्य वजह लोनिवि की लापरवाही है, जिसके बाद लोगों ने भाजपा नेता राजेश कुमार और प्रशासनिक अधिकारियों से विभाग की शिकायत की।
दोपहर बाद जब लोनिवि के अपर सहायक अभियंता राजीव कुमार मौके पर पहुंचे तो स्थिति बिगड़ गई। भाजपा नेता राजेश कुमार और एएई के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें भाजपा नेता और कुछ अन्य लोग अधिकारी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भाजपा नेता ने अधिकारी के मुंह पर मिट्टी पोत दी। हालांकि, भाजपा नेता भी अधिकारी पर उनके गिरेबान पकड़ने और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है।
मारपीट के बाद हुए हंगामे के बीच एसडीएम ऋचा सिंह को खुद लाठी पकड़ लोगों को शांत कराना पड़ा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोनिवि अधिकारी और भाजपा नेता दोनों ने ही पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है, जिसमें जांच की जा रही है।

More Stories
दर्दनाक सड़क हादसा, डयूटी में तैनात होमगार्ड को डंपर चालक ने मारी टक्कर, मौत
TET अनिवार्यता और पदोन्नति में रोक के विरोध में एलटी शिक्षकों ने काले फीते बांधकर जताया विरोध
अल्मोड़ा-नैनीताल जिले के एक से 12 वीं तक के स्कूल कल बंद, छुट्टी का आदेश हुआ जारी