हरिद्वार, 6 जून। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को समयबद्धता, जवाबदेही और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। सीसीआर सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुंभ राज्य की प्रतिष्ठा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है, इसलिए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि तैयारियों की प्रगति पर नजर रखने के लिए अब प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित होगी। साथ ही निर्देश दिए गए कि आगामी बैठकों में केवल वही नोडल अधिकारी प्रतिभाग करें जिन्हें विभागीय कार्यों की पूरी जानकारी हो।
बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़ी मेलाधिकारी सोनिका ने रेल, सड़क परिवहन और आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्ययोजनाओं को शीघ्र अंतिम रूप देने पर जोर दिया। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने रेलवे की तैयारियों का खाका प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल तथा एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने आयोजन को लेकर अपने सुझाव दिए। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सफाई, सैनिटेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी साझा की। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्वीकृत कार्यों की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा, रेलवे के एडीआरएम पी.एस. झा और वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौथियाल सहित अन्य अधिकारियों ने विभागीय तैयारियों से अवगत कराया। बैठक में राज्य और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ टिहरी और पौड़ी गढ़वाल के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी विभागों से कुंभ-2027 को राज्य के गौरव से जुड़ा दायित्व मानते हुए पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

More Stories
CJP का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन
डॉ. वरुण अग्रवाल के नेतृत्व में पशु क्रूरता के विरुद्ध चला विशेष अभियान, 48 हजार का अर्थदंड
आपदा प्रबंधन में यूकाड़ा की बड़ी पहल, 08 हेली कंपनी दे रही 80 घंटे की निःशुल्क उड़ान सेवा