November 11, 2026

नशे के इंजेक्शन के लिए दोस्त का कत्ल, लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 17 शिव कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए चला गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 9 नवंबर को उसके बड़े भाई रवि ने कोतवाली खटीमा में गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मृतक के परिचित संजय गुप्ता पर शक गहराया। बताया गया कि आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहकर लौटाया था कि उसे मोबाइल रास्ते में पड़ा मिला है। संदेह के आधार पर पुलिस ने संजय को पूछताछ के लिए बुलाया, जहां उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले और वहां से कॉलोनी के पीछे एक खाली मैदान में चले गए।

 

पुलिस के अनुसार दोनों स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के पास मौजूद 2300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से करीब 15 से 20 मीटर दूर एक गटर में छिपा दिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने 8 नवंबर को मृतक का मोबाइल उसके बड़े भाई रवि को लौटा दिया। वहीं, मृतक से लिए गए 2300 रुपये में से 1700 रुपये दीपावली पर खर्च कर दिए, जबकि शेष 600 रुपये पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद किए हैं।

आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 में धारा 379/411 आईपीसी, वर्ष 2023 में धारा 304 आईपीसी और वर्ष 2025 में धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे शामिल हैं।

About The Author