आगामी कुम्भ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशन में आज मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री वी. मुरुगेसन एवं अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात, आतंकवाद निरोधक उपायों, अभिसूचना एवं साइबर सुरक्षा तंत्र सहित विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारम्भ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुम्भ मेला) श्री आयुष अग्रवाल तत्पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (हरिद्वार) श्री नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से कुम्भ मेले की तैयारियों एवं निर्धारित कार्ययोजना की जानकारी दी गई। इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक (कुम्भ मेला) श्री योगेन्द्र सिंह रावत एवं मेलाधिकारी, कुम्भ मेला श्रीमती सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों, तैयारियों एवं कार्ययोजनाओं के संबंध में जानकारी एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा*
बैठक में कुम्भ के प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग प्लान, आपातकालीन निकासी एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रमुख स्नान घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, वॉच टावरों की स्थापना तथा बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा एंटी सबोटाज चेकिंग की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
सुरक्षा चुनौतियों एवं संभावित आतंकी गतिविधियों के दृष्टिगत एटीएस, एसटीएफ एवं अभिसूचना इकाइयों की भूमिका, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के मध्य सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही संगठित अपराध एवं अन्य संभावित सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए तकनीकी एवं मानवीय अभिसूचना तंत्र को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

More Stories
UKSSSC ने निकाली नई भर्ती, पुलिस विभाग समेत इन विभागों मे निकली भर्ती
उत्तराखंड मे इन 6 IAS अधिकारियो के विभागों मे फेरबदल
मुख्यमंत्री ने खटीमा में छठ महोत्सव में किया प्रतिभाग