May 11, 2026

कुंभ 2027 की तैयारी तेज : सोनिका-विनीता की जोड़ी संभालेगी 19 हजार श्रद्धालुओं की रेल भीड़, 15 स्पेशल ट्रेनें भी तैयार

हरिद्वार। अगले वर्ष होने वाले महाकुंभ 2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां अब ज़मीन पर उतरती दिखाई देने लगी हैं। सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में आयोजित हुई रेलवे और मेला प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक में कुंभ के दौरान आने वाली करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए।

 

बैठक की अध्यक्षता मेलाधिकारी सोनिका ने की, जबकि उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने रेलवे की तैयारियों का खाका प्रस्तुत किया। सबसे खास बात यह रही कि इस बार कुंभ मेले में भीड़ प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरों और आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों और होल्डिंग एरिया में लगाए जाने वाले AI कैमरे श्रद्धालुओं की संख्या और मूवमेंट का रियल टाइम आकलन करेंगे, जिससे भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। बैठक में तय हुआ कि हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर एक स्थायी होल्डिंग एरिया सहित कुल पांच होल्डिंग एरिया विकसित किए जाएंगे, जिनकी क्षमता करीब 19 हजार श्रद्धालुओं की होगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर बफर जोन, वैकल्पिक निकास मार्ग और अतिरिक्त सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। रेलवे और मेला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के लिए दोनों नियंत्रण कक्षों में अलग-अलग समन्वय डेस्क भी स्थापित की जाएंगी। रेलवे की ओर से कुंभ मेले के लिए अलग से रेलवे मेलाधिकारी की नियुक्ति भी कर दी गई है। डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने बताया कि हरिद्वार और आसपास के कुल 11 रेलवे स्टेशनों को कुंभ कार्ययोजना में शामिल किया गया है। सामान्य दिनों में चलने वाली 33 जोड़ी ट्रेनों के अलावा प्रमुख स्नान पर्वों पर करीब 15 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन की प्रारंभिक योजना तैयार की गई है। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या और बढ़ाई जा सकती है।मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि हरिद्वार का कुंभ शहर के बीचोंबीच आयोजित होता है, इसलिए यहां ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की चुनौती अन्य स्थानों की तुलना में अधिक जटिल रहती है। उन्होंने सभी विभागों को अभी से समन्वित रणनीति के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से हरिद्वार सहित आसपास के स्टेशनों के सौंदर्यीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और तकनीकी संसाधनों को मजबूत करने का आग्रह भी किया। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईजी (कुंभ) योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, एडीआरएम प्रेम शंकर झा, रेलवे मेला अधिकारी चेतन तनेजा, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी जीआरपी अरुणा भारती, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार, सीओ बिपेंद्र कुमार, अनुज और उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह समेत रेलवे, पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author