सोमेश्वर थाना क्षेत्र के बसोली में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। शादी समारोह से लौट रहे परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में बिखर गईं। खुशियों के पल गम में तब्दील हो गए। 11 माह के मासूम की मौत की खबर से कोहराम मच गया। जिसने भी घटना के बारे में सुना वह हैरान रह गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थपनिया, अल्मोड़ा निवासी महेश आर्या (25) अपनी पत्नी जया देवी (23) और 11 माह के बेटे रिहान के साथ झिझाड़ गांव में विवाह समारोह में शामिल होने के बाद कार संख्या डीएल 9सीबीएच 8402 में सवार होकर गुरुवार को वापस दिल्ली को लौट रहे थे। उनके अलावा कार में कांडे, अल्मोड़ा निवासी गोपाल राम (50), उनकी पत्नी मंजू देवी (44), दिनेश राम (50) और संजय कुमार (21) के साथ ही झिझाड़ निवासी दिनेश राम सवार थे। कार को दिल्ली निवासी अर्जुन कुमार (36) चला रहा था। वाहन में कुल 8 लोग सवार थे।
शाम करीब 5 बजे महिंद्रा क्लब बसोली के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 11 माह के मासूम रिहान, मंजू देवी और दिनेश राम की मौत हो गई। जबकि महेश आर्या, वाहन चालक अर्जुन, जया, गोपाल आर्या, संजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना के बाद एसडीआरएफ व पुलिस टीमें घटनास्थल पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शवों व घायलों को बाहर निकाला गया। 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी ताकुला भेजा गया। घायलों को अल्मोड़ा के लिए रेफर करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना के बाद आस पास के क्षेत्रों से लोग घटनास्थल पहुंचे। पुलिस व एसडीआरएफ टीमों के आने के बाद पर्यावरण व सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर जोशी के साथ ही अन्य स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान में टीमों की मदद की और घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग दिया।
पुलिस व स्थानीय लोगों द्वारा हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी।

More Stories
हरिद्वार भूमि खरीद प्रकरण में बड़ा एक्शन, 10 लोगों पर दर्ज होगा अभियोग
एमडीडीए की सख्ती : अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश नाकाम, विकासनगर तहसील अंतर्गत रेतीवाला क्षेत्र में दोबारा की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई
चारधाम यात्रा को मिलेगी नई मजबूती, रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह