देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के कौलागढ़ क्षेत्र में महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा “संकल्प यात्रा” का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और “चंदा चोरी बंद करो”, “राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी का जवाब दो” जैसे नारे लगाए।
संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा ने भगवान राम और राम मंदिर के नाम पर जनता की आस्था को राजनीतिक मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर देशभर से चंदा लिया गया, इसलिए जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उस चंदे का हिसाब क्या है और उसका इस्तेमाल किस प्रकार हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के सवालों को मजबूती से उठाती रहेगी और भाजपा से चंदे का पूरा हिसाब मांगा जाएगा।
महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी ने कहा कि “देहरादून कैंट विधानसभा की जनता के साथ भाजपा ने धोखा किया है। राम मंदिर के नाम पर चंदा लिया गया, लेकिन जनता आज भी अपने मूलभूत अधिकारों के लिए परेशान है। कांग्रेस का सवाल साफ है—राम मंदिर के चंदे का हिसाब जनता को कब मिलेगा?”
डॉ. गोगी ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर लोगों की धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल किया, लेकिन देहरादून कैंट विधानसभा की जमीनी हकीकत बेहद खराब है। पूरी विधानसभा में लोग सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में सड़कों की हालत इतनी खराब है कि सड़कों पर गंदगी और कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं, नालियों की स्थिति बदहाल है और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा, “भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज देहरादून कैंट की जनता पूछ रही है कि सड़क कहां है, साफ पानी कहां है, बिजली की बेहतर व्यवस्था कहां है और स्वच्छता व्यवस्था कहां है? जनता को भाषण नहीं, काम चाहिए।”
डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस की यह संकल्प यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कैंट विधानसभा की जनता की आवाज को बुलंद करने का अभियान है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को सामने लाएंगे और भाजपा सरकार से जवाब मांगेंगे।

More Stories
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा वृहद स्तर पर चलाया चेकिंग अभियान
मादक पदार्थो के साथ 01 अंतरराज्यीय नशा तस्कर आया दून पुलिस की गिरफ्त में
प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए करता है प्रेरित : मुख्यमंत्री