June 11, 2026

सीमांत गांव बगोरी में मतदाता पुनरीक्षण अभियान को मिला जनसमर्थन, बीएलओ ने वितरित किए गणना प्रपत्र

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत आज भटवाड़ी तहसील के सीमांत गांव बगोरी में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया गया। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।

बीएलओ ने ग्रामीणों को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराते हुए उन्हें सावधानीपूर्वक भरने की जानकारी दी तथा निर्धारित समयावधि में प्रपत्र वापस जमा करने का अनुरोध किया। यह अभियान 7 जुलाई तक जारी रहेगा, जिसके दौरान क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

 

बगोरी के ग्रामीणों ने इस पहल का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी दिखाई। ग्रामीणों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से बीएलओ को आवश्यक सहयोग देने तथा गणना प्रपत्र समय से भरकर जमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।।

About The Author