June 19, 2026

टांडा रेंज के सांप कठानी क्षेत्र में लकड़ी लेने जंगल गई महिला पर हाथी का हमला, मौके पर हुई मौत

मैना देवी महिलाओं के साथ जंगल की ओर लकड़ी लेने गई थी। अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। इस दौरान हाथी ने महिला पर हमला कर दिया

तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज में लकड़ी बीनने गई महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई। घटना सांप कठानी क्षेत्र की है। इसी जगह पर एक दिन पहले लालकुआं के दो व्यक्तियों को हाथी ने मौत के घाट उतार दिया था। आशंका जताई जा रही है दो लोगों को मारने वाले हाथी ने ही महिला को मौत के घाट उतारा।

झा कॉलोनी पंतनगर निवासी मैना देवी (66) पत्नी बाबूलाल शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल की ओर लकड़ी लेने गई थी। दोपहर लगभग दो बजे अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। हाथी को देखते ही तीनों महिलाएं घबरा गईं।

 

बताया जा रहा है कि मैना देवी ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी साथियों से कहा कि वे भाग जाएं, क्योंकि हाथी उनके पीछे आ रहा है। दोनों महिलाएं खत्तों की ओर भाग गईं, जबकि मैना देवी घर की तरफ भागने लगी। इसी दौरान हाथी ने उन्हें पकड़ लिया और कुचलकर मार डाला। घटना के बाद वन विभाग ने पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author