November 22, 2026

हरक पर असम मे मुकदमा दर्ज गुवाहाटी के महिला थाने में 17 धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 साल पहले चर्चित रहे जैनी प्रकरण ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। जैनी की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए यौन शोषण व 17 अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

 

असम निवासी इंदिरा देवड़ी उर्फ जैनी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए असम के गुवाहाटी स्थित पानबाजार महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। ऐसी ही एक तहरीर उत्तराखण्ड के डीजीपी दीपम सेठ को भी सौंपी थी। यही नहीं, जैनी ने असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा से भी मुलाकात की थी।

इस मामले में 23 साल बाद FIR दर्ज होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच महाभारत होने के प्रबल आसार बन गए हैं

तहरीर में इंदिरा देवड़ी उर्फ जैनी ने वर्ष 2002-03 में नाबालिग अवस्था में यौन शोषण, जबरन बंधक बनाए जाने, गर्भावस्था के दौरान प्रताड़ना और साक्ष्य मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

घटना के समय महिला की उम्र करीब 16 वर्ष थी। वह देहरादून के यमुना कॉलोनी क्षेत्र में बस अड्डे के पास एक एसटीडी बूथ पर काम करती थी। महिला का आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर हरक सिंह रावत के एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने उसे यमुना कॉलोनी स्थित तत्कालीन मंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचाया था। इसके बाद उसे करीब डेढ़ से दो महीने तक वहां जबरन रखा गया

महिला ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया गया। उसे मसूरी सहित विभिन्न स्थानों के होटलों में भी ले जाया गया। इनमें होटल मधुबन का नाम भी शामिल किया गया है। महिला का दावा है कि उसके साथ सरकारी आवास में भी यौन हिंसा की गई।

 

गर्भवती होने पर नारी निकेतन में रखने का आरोप।।

महिला ने आरोप लगाया है कि उस समय वह हिंदी भाषा को ठीक से समझने में सक्षम नहीं थी। इसके बावजूद अधिकारियों ने असमिया अनुवादक की व्यवस्था किए बिना उसका बयान दर्ज किया और पहले से तैयार हिंदी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए। उसके मुताबिक, उसे दस्तावेजों की विषयवस्तु भी नहीं बताई गई।

 

उसने तत्कालीन जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उसके नवजात बेटे का कभी जैविक अथवा डीएनए नमूना ही नहीं लिया गया। ऐसे में पूर्व में हुई डीएनए जांच के आधार पर निकाले गए निष्कर्षों पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए। महिला का यह भी आरोप है कि उसे न्याय मिलने की उम्मीद छोड़ने के लिए कहा गया और 100 से 200 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उत्तराखंड से बाहर भेज दिया गया तथा दोबारा नहीं लौटने की धमकी दी गई।

 

2016 के घटनाक्रम का भी किया उल्लेख

 

जैनी ने अपने आवेदन में वर्ष 2016 के एक घटनाक्रम का भी उल्लेख किया है। उसने दावा किया है कि उस समय हरक सिंह रावत के करीबी रहे योगेंद्र सिंह चौहान उससे मिलने पहुंचे थे। आवेदन के उपलब्ध हिस्से में महिला ने कहा है कि अब उसने नौ नवंबर 2026 की प्रेस वार्ता के संदर्भ में उनकी पहचान की है।

About The Author