मसूरी। अखिल भारतीय महिला समिति, नई दिल्ली के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मसूरी शाखा की ओर से महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के प्रतिरोध और समाज में शून्य हिंसा का संदेश देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय मौन पदयात्रा का आयोजन किया गया। शहीद स्थल झूलाघर से शुरू हुई इस पदयात्रा में समिति की सदस्यों के साथ विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पदयात्रा का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी और भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने किया।
पदयात्रा शहीद स्थल झूलाघर से अंबेडकर चैक तक निकाली गई और वहां से वापस शहीद स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें शामिल छात्राओं ने हाथों में महिला हिंसा के विरोध और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर समाज को जागरूक किया। आयोजन के माध्यम से महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा, उत्पीड़न और अत्याचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का संदेश दिया गया।
इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने अखिल भारतीय महिला समिति की मसूरी शाखा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी की मातृशक्ति सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती है, लेकिन जब महिलाओं के साथ हिंसा या अत्याचार की घटनाएं होती हैं तो कई बार समाज मौन हो जाता है। इस चुप्पी को तोड़ना होगा और ऐसी घटनाओं के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठानी होगी।
उन्होंने कहा कि चाहे घरेलू हिंसा हो या सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार, इन सभी के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई करने की आवश्यकता है। महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।
अखिल भारतीय महिला समिति मसूरी शाखा की अध्यक्ष भरोसी रावत ने कहा कि महिला हिंसा के खिलाफ आयोजित इस पदयात्रा में महिलाओं और छात्राओं की भागीदारी उत्साहजनक रही। संगठन हमेशा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए कार्य करता रहा है। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से वर्षभर वृक्षारोपण, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं और परामर्श संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस बार का आयोजन महिलाओं के प्रति हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया है।
कार्यक्रम संयोजक कमल शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय महिला समिति एक गैरराजनीतिक संगठन है, जिसकी देशभर में 550 शाखाएं और विदेशों में दस शाखाएं हैं। वर्ष 1962 में स्थापित इस संगठन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और बच्चों के कल्याण के लिए कार्य करना है। मसूरी में इसकी स्थापना सीता हरि और शशि गर्ग ने की थी तथा उस समय करीब 50 सदस्यों के साथ संगठन की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा कि संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा और वृद्धाश्रम जैसे क्षेत्रों में भी कार्य करती है। शून्य हिंसा का उद्देश्य केवल शारीरिक मारपीट रोकना ही नहीं, बल्कि महिलाओं के मानसिक उत्पीड़न और उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करना भी है, ताकि महिलाएं समाज में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
पदयात्रा में मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज और महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल सिंह अन्नू ने किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भरोसी रावत, कमल शर्मा, गीतू मनचंदा, रजनी एकांत, किरन त्रिपाठी, हरजिंदर बढेरा, उषा धनाई, आशा गुप्ता, अनीता सक्सेना सहित समिति की सदस्य मौजूद रहीं।

More Stories
गुजरात सड़क हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात लोगों की मौत
उत्तराखंड को फिल्म निर्माण का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाने की तैयारी
एमपीजी कॉलेज में पहली बार हुई बौद्धिक परीक्षा, 35 विद्यार्थियों ने परखी अपनी प्रतिभाग