November 22, 2026

गुजरात सड़क हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात लोगों की मौत

कोटद्वार: गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार में तीन परिवारों को कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया। भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और ट्रेलर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में गढ़वाल राइफल्स के दो जवान, उनकी पत्नियां और मासूम बच्चियां शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही कोटद्वार में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे में सेना के दो जवानों समेत सात लोगों की मौत

मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार,हादसे में गढ़वाल राइफल्स के नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और बेटी शिविका की मौत हो गई। वहीं, सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता ने भी जान गंवा दी।

 

इसके अलावा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं और मासूम बेटी वामिका की भी इस हादसे में मौत हो गई। नायक नितिन गुसाईं हादसे के समय ड्यूटी पर थे और सुरक्षित हैं।

 

सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता था। नायक राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में रहता है।

 

बेटी के जन्मदिन पर गुजरात गया था परिवार

जानकारी के अनुसार, सौरभ सिंह नेगी के परिवार के लोग बेटी के जन्मदिन के अवसर पर कोटद्वार से गुजरात गए थे। इस दौरान तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने पहुंचे थे। वहां से लौटते समय शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेलर से टकरा गई।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सात लोगों की जान चली गई।

 

भुज में तैनात थी जवानों की बटालियन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नायक सौरभ सिंह नेगी और नायक राजेश सिंह रावत सेकंड गढ़वाल राइफल्स में सेवारत थे। इन दिनों उनकी बटालियन गुजरात के भुज में तैनात है।

 

ब्रिगेडियर ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। शवों को कोटद्वार लाया जा रहा है। देर शाम तक उनके पहुंचने की संभावना जताई गई है। तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में ही किया जाएगा।

 

सिर में गंभीर चोट और सदमे से हुई सातों की मौत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। शरीर के कई हिस्सों में भी गंभीर चोटें थीं। भुज के जीके जनरल अस्पताल में जारी मृत्यु प्रमाणपत्रों में मौत की वजह हृदय और श्वसन तंत्र का काम करना बंद होना बताई गई है।

 

प्रमाणपत्रों के अनुसार, सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण सदमे की स्थिति बनी, जिसके चलते हृदय और श्वसन तंत्र ने काम करना बंद कर दिया।

 

इस दर्दनाक हादसे ने कोटद्वार के तीन परिवारों को उजाड़ दिया है। एक साथ सात लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

About The Author