July 30, 2026

शेर सिंह के बाद अब एक और सिपाही का वीडियो वायरल, पुलिस महकमे में मची हलचल

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के जवान शेर सिंह के समर्थन में अब एक अन्य सिपाही अमित कुमार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि अमित कुमार वर्तमान में पिथौरागढ़ जिले में तैनात हैं। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले उत्तराखंड पुलिस के जवान शेर सिंह ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान मंच से अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। इस दौरान उन्होंने विभाग और व्यवस्था को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई और ईडी से जांच कराने की मांग उठाई थी

अब अमित कुमार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग के भीतर इसे लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अनुशासित बल मानी जाने वाली पुलिस में इस तरह लगातार सामने आ रहे वीडियो को विभाग के लिए गंभीर चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इसे पुलिस बल के अनुशासन से जुड़ा संवेदनशील मामला माना जा रहा है।।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर फिलहाल पुलिस मुख्यालय या शासन स्तर से किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अधिकारी इस मामले पर टिप्पणी करने से बच रहे हैं।

उधर, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। ऐसे में मामले पर सभी की नजर विभाग की आगामी कार्रवाई और आधिकारिक बयान पर टिकी हुई है।

About The Author