April 23, 2026

रेशम विभाग के अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा करते कृषि मंत्री गणेश जोशी

देहरादून,। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैम्प कार्यालय में रेशम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

बैठक में बताया गया कि आधुनिक चाकी केन्द्रों की स्थापना हेतु 2.0 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। इसके तहत जनपद देहरादून के विकासनगर में आधुनिक चाकी केन्द्र स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिससे रेशम उत्पादन से जुड़े कृषकों को उच्च गुणवत्ता वाले चाकीकृत कीट उपलब्ध हो सकेंगे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ऐसे आधुनिक केन्द्रों को अन्य जनपदों में भी स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके। विभागीय अधिकारियों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि आगामी सिल्क समग्र-3 योजना के अंतर्गत प्रदेश के मैदानी जनपदों में लगभग 100 बड़े किसानों का चयन कर वृहद स्तर पर रेशम उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गढ़वाल मंडल के देहरादून में स्थापित सिल्क पार्क की तर्ज पर कुमाऊँ मंडल के नैनीताल में भी सिल्क पार्क स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नैनीताल जनपद में उपयुक्त स्थल का चयन कर प्रस्ताव तैयार करने के लिए निर्देशित किया।

बैठक में निदेशक प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक (रेशम) विनोद तिवारी भी उपस्थित रहे।

About The Author