गजक के डिब्बे में रखे ढाई लाख रुपये, कर्मचारी की भूल से ग्राहक को थमा दिए; जानें आगे क्या हुआ
गजक के डिब्बे में रखे ढाई लाख रुपये गायब होने से कारोबारी के होश उड़ गए। कारोबारी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। इस पर सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। बाद में पुलिस ने गजक विक्रेता की रकम वापस दिला उसके चेहरे पर मुस्कान ला दी
हल्द्वानी में गजक के डिब्बे में रखे ढाई लाख रुपये गायब होने से कारोबारी के होश उड़ गए। त्योहार पर मोटी रकम का नुकसान होने से परेशान कारोबारी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। इस पर सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। बाद में पुलिस ने गजक विक्रेता की रकम वापस दिला उसके चेहरे पर मुस्कान ला दी।
नवाबी रोड जगदंबानगर में खीम चंद्र जोशी की जोशी गजक भंडार के नाम से दुकान है। कारोबारी ने काउंटर के पास एक गजक के डिब्बे में 2.50 लाख रुपये संभालकर रखे थे। शुक्रवार दोपहर वह खाने के लिए घर चले गए। इसी बीच एक महिला गजक का आर्डर देने के लिए दुकान पर आई थी। कर्मचारी ने गलती से गजक के आर्डर में ही रुपये से भरा डिब्बा महिला को दे दिया।
खीम चंद्र जब घर से लौटे तो देखा कि रुपयों से भरा डिब्बा गायब है। उन्होंने आसपास की दुकान में लगे सीसीटीवी में महिला की गाड़ी के बारे में जानकारी ली और पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। इस पर पुलिस ने गाड़ी की खोजबीन की और कुसुमखेड़ा निवासी इस महिला से संपर्क साध लिया। पुलिस ने एएसपी प्रकश चंद्र की मौजूदगी में कारोबारी को यह धनराशि सौंपी। इस पर खीम ने पुलिस टीम का आभार जताया है। टीम में सीसीटीवी प्रभारी जितेंद्र बुराठोकी, आराधना, निहाल उपाध्याय, कांस्टेबल राजेंद्र बिष्ट आदि शामिल रहे।

More Stories
देहरादून भारी बारिश की चेतावनी पर जिला प्रशासन का बड़ा निर्णय, जनपद में आज 5 अगस्त को स्कूल बंद रखने का लिया गया निर्णय
वारंटियों के विरूद्ध दून पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही, विभिन्न प्रकरणों में फरार चल रहे 15 वारंटियों को विगत 2 दिनों में किया गिरफ्तार
सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वालो को दून पुलिस ने पढ़ाया कानून का पाठ