देहरादून: उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच प्रकृति ने अपने तेवर बदल लिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 29 अप्रैल से 4 मई तक पूरे प्रदेश में बारिश, आंधी और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर चलने वाला है।
अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को लू और तपती गर्मी से तो राहत मिलेगी लेकिन तेज हवाओं के कारण मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने 29 और 30 अप्रैल को विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है क्योंकि इन दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही ओलावृष्टि और आसमानी बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है
इस दौरान मैदानों से लेकर पहाड़ों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे कच्चे मकानों, पेड़ों और बिजली की लाइनों को नुकसान पहुंच सकता है। हिमालय की 4000 मीटर से अधिक ऊंची चोटियों पर इस दौरान ताजा हिमपात होने की भी पूरी उम्मीद है।
मई के शुरुआती दिनों में मौसम के मिजाज में मामूली बदलाव दिखेगा। 1 और 2 मई को पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में केवल बादल छाए रहने या हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
राहत का यह दौर छोटा साबित होगा क्योंकि 3 और 4 मई को मौसम का सिस्टम एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे सीमांत जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बर्फबारी होने की संभावना है, जिसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

More Stories
देहरादून भारी बारिश की चेतावनी पर जिला प्रशासन का बड़ा निर्णय, जनपद में आज 5 अगस्त को स्कूल बंद रखने का लिया गया निर्णय
वारंटियों के विरूद्ध दून पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही, विभिन्न प्रकरणों में फरार चल रहे 15 वारंटियों को विगत 2 दिनों में किया गिरफ्तार
सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वालो को दून पुलिस ने पढ़ाया कानून का पाठ